सीएम मोहन यादव की आज से बिहार विधानसभा चुनाव में एंट्री, दो क्षेत्रों में करेंगे जनसभाएं

भोपाल: बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा के प्रचार अभियान को गति देने के लिए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को बिहार दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री का यह बिहार चुनाव में पहला प्रचार दौरा होगा, जिसे पार्टी की रणनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव पटना जिले के कुम्हरार और बिक्रम विधानसभा क्षेत्रों में दो बड़ी जनसभाओं को संबोधित करेंगे। उनका पहला कार्यक्रम पटना शहर के प्रसिद्ध कदमकुआं स्थित कांग्रेस ग्राउंड में होगा, जहां वे कुम्हरार विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी संजय गुप्ता के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। इससे पहले वे गुप्ता का नामांकन भी भरवाने साथ में जाएंगे। कुम्हरार के बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से बिक्रम विधानसभा क्षेत्र पहुंचेंगे, जहां वे पार्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेड़ा मैदान में आयोजित सभा में भाग लेंगे। यहां वे बिक्रम सीट के भाजपा प्रत्याशी सिद्धार्थ सौरभ का नामांकन भरवाएंगे और सभा को संबोधित करेंगे।

कुम्हरार विधानसभा क्षेत्र पर अभी भाजपा का ही कब्जा है, यह सीट पटना जिले में आती है। इस बार भाजपा से यहां से अपने विधायक अरुण कुमार सिन्हा का टिकट काट कर संजय गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है। वहीं पटना जिले की बिक्रम विधानसभा सीट पाटलीपुत्र लोकसभा का हिस्सा है। इस सीट पर अभी कांग्रेस का कब्जा है। यहां से कांग्रेस के सिद्धार्थ सौरव चुनाव जीते थे। इस बार भाजपा ने सिद्धार्थ सौरभ को उम्मीदवार बनाया है। वे पिछले दो बार से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े और विधायक के रूप में चुने गए थे। लेकिन इस बार लोकसभा चुनाव के समय वे कांग्रेस को छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे।