जाति और समीकरणों के आधार पर बदली कैबिनेट
गुजरात में भूपेंद्र पटेल सरकार में 26 मंत्री शपथ ले रहे हैं, इनमें 3 महिलाएं हैं। पटेल समाज से सीएम समेत 8 मंत्री होंगे। 8 ओबीसी, 3 एससी, 4 एसटी और 3 महिलाएं हैं। कांग्रेस ने भाजपा में आए अर्जुन मोढवाडिया और क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा को भी मंत्री बनाया गया है। कुल 19 नए चेहरे हैं। इससे पहले गुरुवार को सभी 16 मंत्रियों ने सीएम को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। इस फेरबदल को राज्य में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी से जोड़ा जा रहा है। गुजरात कैबिनेट में सीएम समेत 17 मंत्री थे, जिसमें 8 कैबिनेट और 8 राज्य मंत्री (MOS) थे। अब यह संख्या बढ़कर 26 होगी। गुजरात विधानसभा में 182 विधायक हैं। कुल संख्या के 15% की अधिकतम सीमा के लिहाज से सीएम समेत कुल 27 मंत्री हो सकते हैं। पार्टी का मानना है, युवा विधायकों को मंत्रिपरिषद में शामिल करने से युवा नेताओं का हौसला और सरकार में ओबीसी-पाटीदार प्रतिनिधित्व बढ़ेगा। गौरतलब है कि 2022 में गुजरात में विधानसभा चुनाव हुए थे। चुनाव से 15 महीने पहले सितंबर 2021 में राज्य की पूरी कैबिनेट बदल दी गई थी। इस बार राज्य में चुनाव को करीब 26 महीने बचे हुए हैं। हालांकि, इस बार मुख्यमंत्री ने इस्तीफा नहीं दिया है सिर्फ उनके कैबिनेट सहयोगियों ने पद छोड़े हैं। 2021 में तो पांच साल के अंदर दो बार मुख्यमंत्री बदल दिए गए थे। 2017 में जब चुनाव हुआ था, तब विजय भाई रूपाणी को सीएम बनाया गया था, लेकिन 2021 में उन्हें हटाकर भूपेंद्र पटेल को जिम्मेदारी दे दी गई।
40 साल कांग्रेस में रहे मोढवाडिया
अर्जुन मोढवाडिया गुजरात के पुराने राजनीतिक चेहरे हैं। उन्होंने करीब 40 साल कांग्रेस पार्टी में सक्रिय भूमिका निभाई। वे गुजरात कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और नेता विपक्ष भी रह चुके हैं। पोरबंदर से तीन बार विधायक चुने गए और 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर जीत हासिल की। उन्होंने मेकेनिकल इंजीनियरिंग की डिग्री ली है और अपना राजनीतिक सफर ग्राम स्तर से शुरू किया था। मार्च 2024 में, राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के पहले मोधवाडिया ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद उन्होंने बीजेपी ज्वाइन कर पीएम नरेंद्र मोदी के विकास एजेंडा पर काम करने का भरोसा जताया।