छतरपुर में मंत्री के काफिले की गाड़ी ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, 7 घायल, बुजुर्ग की हालत गंभीर

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के लवकुशनगर क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दुखद हादसा हुआ। बसंतपुर तिराहे के पास राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार के काफिले की एक गाड़ी ने एक ई-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिसके कारण सात लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घायलों में 60 वर्षीय साहब सिंह की हालत सबसे गंभीर है। उनकी दोनों टांगों पर गाड़ी चढ़ने से गंभीर चोटें आई हैं। जिला अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, साहब सिंह की एक टांग की स्थिति इतनी नाजुक है कि उसे काटने की नौबत आ सकती है। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया गया है।

यह घटना तब हुई जब मंत्री का काफिला किसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहा था। काफिले की एक गाड़ी ने ई-रिक्शा को पीछे से टक्कर मार दी। इस मामले में लवकुशनगर के एसडीओपी नवीन दुबे ने बताया कि हादसे की जांच शुरू कर दी गई है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।