राहुल गांधी ने फतेहपुर में मृतक हरिओम वाल्मीकि के परिवार से की मुलाकात, योगी सरकार पर साधा निशाना

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को फतेहपुर में उस परिवार से मुलाकात की, जिसके एक सदस्य हरिओम वाल्मीकि की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में अब तक कई लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, लेकिन यह घटना अब राजनीतिक रंग ले रही है। राहुल गांधी ने मृतक के परिवार से मुलाकात के बाद योगी आदित्यनाथ सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि परिवार ने उन्हें बताया कि सरकारी लोगों ने उन्हें धमकी दी थी कि वे उनसे न मिलें। परिवार को उनके ही घर में बंधक की तरह रखा गया है। राहुल ने कहा कि उनकी पार्टी परिवार की हर संभव मदद करेगी और न्याय की मांग करेगी। उन्होंने यह भी बताया कि परिवार की एक लड़की का ऑपरेशन होना है, लेकिन उसे घर से बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा है।

राहुल गांधी के दौरे के बाद मृतक के घर के आसपास पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई। मीडिया को परिवार से मिलने या घर में प्रवेश करने से रोक दिया गया। राहुल ने परिवार के साथ करीब 10-12 मिनट तक बातचीत की और इसके बाद पत्रकारों से बात की। उन्होंने कहा कि देशभर में दलितों के खिलाफ हिंसा और अत्याचार बढ़ रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील की कि वे इस परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

राहुल गांधी शुक्रवार सुबह 8:30 बजे चकेरी हवाई अड्डे पर उतरे और वहां से फतेहपुर के लिए रवाना हुए। हवाई अड्डे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं की भारी भीड़ मौजूद थी। फतेहपुर में परिवार से मुलाकात के बाद राहुल सुबह 10:45 बजे गुवाहाटी के लिए रवाना होंगे।