पाकिस्तान न्यूज़ीलैंड की सेमीफ़ाइनल की राह मुश्किल कर सकता है।

कोलंबो, एजेंसी। अंतिम चार में जगह बनाने की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी पाकिस्तान टीम शनिवार को आईसीसी महिला विश्व कप में न्यूज़ीलैंड से भिड़ेगी और अपने प्रतिद्वंदी की सेमीफ़ाइनल में पहुँचने की उम्मीदों पर पानी फेरने की कोशिश करेगी। इंग्लैंड के खिलाफ उसका पिछला मैच बारिश में धुल जाने के बाद पाकिस्तान को गँवाए मौकों का मलाल होगा। बारिश ने पाकिस्तान की जीत की संभावनाओं पर पानी फेर दिया और वह चार मैचों में तीन हार और एक ड्रॉ के साथ अंक तालिका में सबसे नीचे है। 2000 की चैंपियन न्यूज़ीलैंड तीन मैचों में तीन अंक लेकर शीर्ष चार से बाहर है। ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगातार दो मैच हारने के बाद, न्यूज़ीलैंड ने बांग्लादेश के खिलाफ एक अहम जीत के साथ वापसी की। हालाँकि, श्रीलंका के खिलाफ उसका मैच बारिश के कारण रद्द हो गया। न्यूज़ीलैंड अपनी सेमीफ़ाइनल की उम्मीदों को ज़िंदा रखने के लिए पाकिस्तान को हराना चाहेगा।

पाकिस्तान के गेंदबाज़ी विभाग ने अच्छा प्रदर्शन किया है, कप्तान फ़ातिमा सना ने इंग्लैंड के खिलाफ चार विकेट लेकर आक्रमण की अगुवाई की।

सादिया इक़बाल ने भी दो विकेट लेकर अपनी टीम को बारिश से बाधित होने से पहले नियंत्रण में रखा। न्यूजीलैंड के लिए, कप्तान सोफी डिवाइन ने तीन पारियों में 86.66 की औसत से रन बनाए हैं।

हालाँकि, शीर्ष क्रम में निरंतरता की कमी चिंता का विषय बनी हुई है। अनुभवी सूजी बेट्स, जॉर्जिया प्लिमर और अमेलिया केर अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने में संघर्ष कर रही हैं, जिससे डिवाइन पर पारी को संभालने का अतिरिक्त दबाव बढ़ गया है। न्यूजीलैंड की गेंदबाजी निरंतर रही है। डिवाइन (54 रन पर तीन विकेट)और ब्री एलिंग (39 रन पर दो विकेट) ने अपने पिछले मैच में प्रभावशाली प्रदर्शन किया था।

संभावित प्लेइंग इलेवन – न्यूजीलैंड: सूजी बेट्स, जॉर्जिया प्लिमर, अमेलिया केर, सोफी डिवाइन (कप्तान), ब्रुकहैलिडे, मैडी ग्रीन, इसाबेला गेज, जेस केर,ईडन कार्सन, रोज़मेरी मैयर और ब्री लिंग।

पाकिस्तान: मुनीबा अली, ओमैमा सोहेल, सिदरा अमीन, आलिया रियाज, नतालिया परवेज, फातिमा सना (कप्तान), सिदरा नवाज, रमीन शमीम, सादिया इकबाल, नाशरा संधू और डायना बेग।