बदलाव: कंस्ट्रक्शन वर्क के रूल्स की अब सरकारी इंजीनियरों को देनी होगी परीक्षा

प्लानिंग पर उठे सवाल के बाद निर्णय

भोपाल: राजधानी में निर्मित 90 डिग्री टर्न वाला रेलवे ओवरब्रिज और इंदौर में भी जेड आकार का ब्रिज के तैयार होने से सरकारी इंजीनियरों की प्लानिंग पर सवालिया निशान पिछले दिनों खड़े हुए थे। इसके अलावा भी प्रदेश में कई जगहों से सड़क, पुल, भवनों के निर्माण में ऐसी गड़बड़ियां सामने आने के बाद लोक निर्माण विभाग के इंजीनियरों को कंस्ट्रक्शन वर्क के रूल्स की विभागीय परीक्षा आयोजित करने की प्लानिंग की गयी थी। इस परीक्षा में मिले नंबरों के आधार पर फील्ड में पोस्टिंग दी जाएगी और जवाबदारी के काम सौंपे जाएंगे। पहले सोचा गया था कि इसको 15 अगस्त के बाद आयोजित किया जाएगा जिसमें कार्यपालन यंत्री, सहायक यंत्री और उपयंत्री स्तर के इंजीनियर्स शामिल होने थे जबकि चीफ इंजीनियर और सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर को इनकी सिर्फ स्टडी करनी थी लेकिन स्थिति अब यह है कि यह परीक्षा कब आयोजित होगी यह तय नहीं हो पाया है। लेकिन दूसरी तरफ आधी नौकरी बीतने के बाद अब इंजीनियरो ंकी वेदना यह है कि वह पढ़ाई के लिये समय ही नहीं निकाल पा रहे हैं।