चंदेरी क्षेत्र में पिछले दो दिनों से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। रविवार की रात हुई बारिश और सोमवार को दिनभर रुक- रुककर हुई हल्की बूंदाबांदी से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इसके चलते ठंड बढ़ने लगी है और लोगों ने स्वेटर, जैकेट व रजाइयों का सहारा लेना शुरू कर दिया है। मंगलवार की सुबह घने कोहरे की चादर में पूरा क्षेत्र लिपटा नजर आया। कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय निवासियों का कहना हैं कि अक्टूबर के अंत में इतनी ठंड की उम्मीद नहीं थी, लेकिन बारिश और कोहरे से सुबह-सुबह ठिठुरन महसूस हो रही है। मंगलवार की सुबह से ही चारों तरफ काफी कोहरा छाया रहा और दिनभर धूप नहीं निकली। वहीं, दुकानदारों का कहना है कि ठंड बढ़ने से चाय और गर्म कपड़ों की मांग बढ़ गई है। इस दौरान नगर की ऐतिहासिक इमारतें भी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। देशी पर्यटक सुबह-शाम ठंडे मौसम और कोहरे के बीच ऐतिहासिक स्थलों की सैर का आनंद लेने पहुंचने लगे हैं।