भोपाल: राजधानी के काटजू अस्पताल में बीती रात उपचार कराने आई एक महिला की मौत पर सस्पेंस गहरा गया है। जहां एक तरफ अस्पताल के अधीक्षक डॉ. बलराम उपाध्याय का कहना है कि परिजन जब महिला को अस्पताल लेकर लाए थे, वह मृत पाई गई थी। वहीं दूसरी तरफ परिजनों का कहना है कि डॉक्टरों ने समय पर इलाज नहीं किया, महिला को आधा घंटे तक कोई भी डॉक्टर और नर्स देखने तक नहीं आई। परिजनों का कहना है कि अगर समय पर इलाज मिल जाता तो महिला की जान बचाई जा सकती थी। बतादें कि एक माह पूर्व काटजू अस्पताल में ही महिला का प्रसव हुआ था। काटजू अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि मृत अवस्था में आई महिला के हाथ पैरों में अकड़ थी। एक माह पूर्व महिला का अस्पताल में सीजर से प्रसव हुआ था। जब यहां पर महिला का प्रसव हुआ था, तब जच्चा और बच्चा दोनों का परीक्षण किया गया था। दोनों स्वस्थ्य थे। इसके बाद ही इन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया था। एक माह बाद महिला मृत अवस्था में अस्पताल लाई गई। जाटखेड़ी निवासी लक्ष्मी पति दुर्गा प्रसाद का परिवार उसे सोमवार रात 12 बजे अस्पताल लेकर आए थे। जब डॉक्टरों ने परीक्षण किया था। महिला मृत अवस्था में पाई गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।