एक सरकारी हाई स्कूल भवन के निर्माण में लापरवाही और नियमों की अनदेखी का मामला सामने आया है। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग का ठेकेदार गाँव चिरचिटा सुखजू में निर्माणाधीन हाई स्कूल भवन के निर्माण में सीधे बिजली लाइन से कनेक्शन लेकर भारी मशीनरी और बोरिंग मोटर का इस्तेमाल कर रहा था। सूत्रों के अनुसार, ठेकेदार कई दिनों से बिना अनुमति के बिजली सप्लाई का इस्तेमाल कर रहा था। जब स्थानीय पत्रकारों को इसकी जानकारी मिली और वे मौके पर पहुँचे, तो ठेकेदार के कर्मचारी आनन-फानन में बिजली विभाग पहुँचे और अस्थायी कनेक्शन की रसीद जारी करवाई। बिजली विभाग के प्रभारी मंदीप ने बताया कि आज अनूप कुमार दुबे के नाम से अस्थायी कनेक्शन की रसीद जारी कर दी गई है।
उन्होंने यह भी कहा कि आपके माध्यम से मिली जानकारी के अनुसार, अवैध कनेक्शनों के ज़रिए बिजली चोरी की जा रही है, जिसकी जाँच की जाएगी। ग्रामीणों ने बताया कि ठेकेदार कई दिनों से सीधे लाइन कनेक्शन का इस्तेमाल कर काम कर रहा था, जिससे बिजली विभाग को आर्थिक नुकसान हो रहा था और बड़ी दुर्घटना होने की आशंका थी। अब ग्रामीणों और स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि बिजली विभाग कार्य आदेश जारी होने से लेकर अस्थायी कनेक्शन दिए जाने तक अवैध बिजली उपयोग के दिनों की संख्या और विभाग को हुए नुकसान की जांच करे।