भोपाल: कोहेफिजा इलाके के फिजा पैलेस फेस-6 में मंगलवार-बुधवार की रात एक ज्वेलरी व्यापारी के घर में बड़ी चोरी की घटना हुई। व्यापारी का पूरा परिवार पास के मैरिज गार्डन में बड़े बेटे की शादी में व्यस्त था। इसी मौके का फायदा उठाकर चोर घर में दाखिल हुए और अलमारी का ताला तोड़कर 11 लाख रुपये नकद के साथ-साथ सोने और हीरे की ज्वेलरी चुरा ले गए। चूंकि घर का मुख्य ताला नहीं टूटा था, इसलिए पुलिस को लगता है कि वारदात शादी में शामिल किसी अपने ने ही अंजाम दी है।
संदेह नौकर और इवेंट टीम पर
व्यापारी ने अपने नौकर और इवेंट मैनेजमेंट कंपनी के कर्मचारियों पर शक जताया है। कोहेफिजा पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पीड़ित 51 वर्षीय नसीरुद्दीन फिजा पैलेस फेस-6, रिगालिया हाइट्स के रहने वाले हैं और ज्वेलरी का कारोबार करतेाते हैं। 28 अक्टूबर को उनके बेटे बिलाल की शादी बैरागढ़ के फॉर्च्यून रिसॉर्ट में हो रही थी, जहां पूरा परिवार और मेहमान मौजूद थे।
चाबी देकर घर भेजा कर्मचारी को
रात करीब 10 बजे घर बंद करके सभी बारात के साथ रिसॉर्ट चले गए। घर की देखभाल की जिम्मेदारी चौकीदार शकील को सौंपी गई थी। तभी इवेंट कंपनी के तारिक ने नसीरुद्दीन को फोन करके कहा कि स्वागत और आतिशबाजी की सजावट के लिए घर को सजाना है। इस पर उन्होंने अपने कर्मचारी सैयद रेहान अली को चाबी सौंपकर घर भेज दिया। रात करीब 2:15 बजे जब परिवार वापस लौटा, तो मुख्य दरवाजा और कमरे की अलमारी का ताला टूटा मिला।
लॉकर से गायब हुए 50 लाख के जेवर
अलमारी के लॉकर से 11.5 लाख रुपये नकद और तीन डिब्बों में रखे सोने-हीरे के सेट गायब थे। नसीरुद्दीन के मुताबिक, चोरी हुई ज्वेलरी में उनकी पत्नी और बेटे की शादी के लिए रखे डायमंड व गोल्ड सेट शामिल थे। चोरों ने जल्दबाजी में लॉकर का सारा सामान नहीं निकाला, इसलिए पुराना सोना वहीं रह गया। कुल नुकसान करीब 50 लाख रुपये का आंका गया है।
CCTV फुटेज की जांच जारी
नसीरुद्दीन ने चौकीदार शकील और इवेंट कंपनी के लोगों पर शक जताया है। थाना प्रभारी कृष्णगोपाल शुक्ला ने शकील समेत इवेंट टीम के सदस्यों को थाने बुलाकर पूछताछ की है। पुलिस ने घर से फिंगरप्रिंट, ताले के निशान और अन्य सुराग जुटाए हैं। इलाके के CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है, ताकि यह पता चल सके कि चोरी के समय घर में कौन दाखिल हुआ था।