चंदेरी: राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर, रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को चंदेरी में मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। यह मैराथन दिल्ली दरवाजा चंदेरी से प्रारंभ होकर, हर कुंड स्कूल चुंगी नाका तक संपन्न हुई। इस अवसर पर नगर के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों में जोश और उत्साह देखने लायक था। प्रतियोगिता के अंत में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम में तहसीलदार दिलीप दारोगा, एसडीओपी शैलेन्द्र शर्मा, चंदेरी थाना प्रभारी मनीष जादौन, सीएमओ प्रदीप शर्मा, एसआई नीलम यादव उपस्थित रहे।
इसके अलावा चंदेरी उत्कृष्ट विद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य् नागरिकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी सफल बनाया। कार्यक्रम का उद्देश्य लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और फिटनेस के संदेश को जनजन तक पहुँचाना रहा। अधिकारियों ने बच्चों के उत्साह की सराहना करते हुए सभी को एकता और भाईचारे के पथ पर अग्रसर रहने का संदेश दिया।