थाना बहादुरपुर पुलिस ने कीं सात बाइकें और 71 लीटर शराब जप्त

अशोकनगर: थाना बहादुरपुर पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए गुना जिले से अपने 12 साथियों के साथ आए, एक मोटर साईकिल चोर को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। साथ ही आरोपी के कब्जे से 71 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब के साथ चोरी की कुल सात मोटर साईकिलें जप्त की हैं। पुलिस के अनुसार जप्त सामान की कुल कीमत लगभग साढ़े छह लाख रुपय है। एसपी राजीव कुमार मिश्रा ने एसी कार्यालय के पुलिस सभाकक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में बातया कि एक और दो नवंबर की दरमियानी रात्रि में मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कुछ व्यक्ति ग्राम माधौगढ़ से अवैध कच्ची शराब मोटर साईकिलों से  लेकर देर रात करीला मंदिर के रास्ते से निकलने वाले हैं । मुखबिर की सूचना पर अथाईखेड़ा के पास अशोकनगर रोड़ पर थाना बहादुरपुर पुलिस के द्वारा घेराबंदी करने के उद्देश्य से चैकिंग लगाई गई, तभी  ग्राम भादोन की ओर से एक मोटर साईकिल आती हुई दिखी जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया।

आरोपी राजाबाबू उर्फ बाबू पारदी पिता कैलाश पारदी निवासी ग्राम कनारी थाना धरनावदा जिला गुना के कब्जे से मोटर साईकल पर टंगी दो प्लास्टिक की केनों में कुल 71 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब जप्त की गई। पकड़ में आई मोटर साईकल होंडा साईन लगभग एक वर्ष पहले चोरी करना बताया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि-वह अपने अन्य साथियों खलनायक पिता बादल पारदी, रोहित पिता जीवा पारदी, फिरोज पिता जीवा पारदी निवासीगण कनारी थाना धरनावदा जिला गुना, रिक्की पिता धर्म पारदी, अमित पिता अमीन पारदी, गुज्जर पिता नाथूडा पारदी, शिवकुमार पिता खेरू पारदी, गुज्जर पारदी, राधे पिता बिक्की पारदी, रूद्र पिता लंगडा पारदी निवासीगण ग्राम खेजड़ा थाना धरनावदा के साथ, करीला मंदिर दर्शन करने आया था, तभी करीला मंदिर व पास के गाँव में रास्ते से दो मोटर साईकिल चोरी कर ली थी।

आरोपी की सूचना पर बाइक जप्त, साथी भागने में सफल

पूछताछ में राजाबाबू उर्फ बाबू ने पुलिस को बताया था कि अपने साथियों के साथ आज रात में ग्राम माधौगढ़ से कच्ची शराब लेने आए हैं,और अन्य साथी माधौगढ़ के पास चोरी की मोटर साईकिलों सहित खड़े हुए हैं जो कच्ची शराब की व्यवस्था कर निकलेंगे। उक्त जानकारी पर अबिलंब कार्यवाही करते हुए दबिश दी गई जिस पर आरोपी के साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए किंतु मोटर साईकिलें नही ले जा सके। उक्त मोटर साईकिलों को विधिवत जप्त किया गया। उक्त मोटर साईकलों के साथ चार अन्य चोरी की मोटर साईकिलें भी प्राप्त हुई जिन्हें भी जप्त किया गया। उक्त मोटर साईकिलें भोपाल, राजगढ़, गुना जिलों से आरोपी द्वारा अपने उक्त साथियों के साथ चोरी करना बताया गया है।