हेलमेट: आज समझाइश, कल से बनेंगे चालान, ट्रैफिक प्वाइंट बनाए

भोपाल: राजधानी में चार साल से बडेÞ उम्र के बच्चे से लेकर गाड़ी की पीछे वाली सीट पर बैठने वाले लोगों के लिए कल से हेलमेट पहनना अनिवार्य हो जाएगा। ट्रैफिक पुलिस की समझाइश का आज अंतिम दिन है, लेकिन कल से चालानी कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। एडीजी पीटीआरआई के निर्देश के बाद भोपाल ट्रैफिक पुलिस चौराहा-तिराहों पर हेलमेट न पहनने वालों को आज आखिरी बार समझाइश दे रही है। चेकिंग के लिए पुलिस के चारों जोन में 4-4 पॉइंट बनाए जा रहे हैं।

इनके अलावा, एक-एक चलित टीम भी हर जोन में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करेगी। पुलिस की कोशिश है कि सभी चालान पॉइंट ऑफ सेल (पीओएस) मशीन से बनाए जाएं। जो लोग ऑनलाइन ट्रांजेक्शन नहीं करते उन्हें भी चालान की रसीद पीओएस से ही दी जाएगी।

सीएबी ड्राइवर पर भी होगी कार्यवाही

पुलिस अफसरों के मुताबिक, हेलमेट अभियान के दौरान ओला, उबर और रैपीडो जैसे वाहन चालकों और इन पर सवार होने वाले यात्रियों के भी हेलमेट चेक किए जाएंगे। अगर पुलिस की कार्रवाई से बचना है, तो इन कंपनियों से राइड लेने के दौरान अपना हेलमेट लेकर बतौर पिलियन राइडर सवार होना होगा। बता दें, भोपाल में 4000 से ज्यादा दो पहिया वाहन ओला, उबर और रैपिडो से अटैच होकर चलते हैं। अब इन पर भी सख्ती की जाएगी।