बिहार: दूसरे चरण की वोटिंग वाले क्षेत्रों में पहुंचे मुख्यमंत्री

बिहार विधानसभा चुनाव में पहले चरण का मतदान चल रहा है। यहां के चुनाव में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा के प्रभारी महेंद्र सिंह, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा सहित कई नेताओं की मेहनत की भी परीक्षा का नतीजा भी ईवीएम में बंद हो रहा है। पहले चरण में वहां पर 121 सीटों पर वोटिंग हो रही है। इसमें से 50 से ज्यादा सीटों पर मध्य प्रदेश के नेता सक्रिय रहे। वहीं पहले चरण में गुरुवार को हो रहे मतदान को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने  भोपाल से बिहार रवाना होने से पहले कहा कि बिहार इतिहास रचने जा रहा है। इसमें प्रतिभागी बनने जा रहे सभी मतदाताओं से आग्रह है कि लोकतंत्र के महापर्व विधानसभा चुनाव में बढ़-चढ़कर भाग लें। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने पहले चरण के चुनाव में एक दर्जन के लगभग विधानसभा क्षेत्रों में एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार किया है। मुख्यमंत्री ने दूसरे चरण की विधानसभा क्षेत्रों में आज से प्रचार शुरू किया। उनका पहला कार्यक्रम मधुबनी जिले की विस्फी विधानसभा में निर्धारित है, जहां वे दोपहर में उन्होंने उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रहिका के खेल मैदान पहुंचकर जनसभा को संबोधित किया। इसके बाद वे गयाजी जिले के वजीरगंज विधानसभा क्षेत्र में तरवा खेल मैदान पर आयोजित जनसभा में शामिल होंगे।

एमपी के ये नेता भी जुटे हुए हैं-

हितानंद शर्मा 12 जिलों की 58 विधानसभा सीटों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। मिथिला और तिरहुत की जिम्मेदारी डॉ महेन्द्र सिंह को दी गई है। यहां पर 12 जिलों की 58 विधानसभा सीटें आती हैं। क्षेत्रीय संगठन  महामंत्री अजय जामवाल को सारण और चंपारण क्षेत्र की करीब 45 विधानसभा सीटों का दायित्व सौंपा गया है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और खजुराहो सांसद वीडी शर्मा को पटना और बेगूसराय, खेल मंत्री विश्वास सारंग को सिवान, पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया को गोपालगंज, उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया को गया, खरगोन सांसद गजेन्द्र पटेल को खगड़िया, पूर्व सांसद डॉ केपी यादव को समस्तीपुर में चुनावी प्रबंधन का काम सौंपा गया है। इनके अलावा नरोत्तम मिश्रा को भी यहां पर जुटाया गया है।