2025 के बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान जारी है। 18 जिलों की 121 सीटों पर शाम 6 बजे तक मतदान होगा। 104 सीटों पर सीधा मुकाबला है, जबकि 17 सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबला है। पहले चरण में तेजस्वी यादव, तेज प्रताप यादव, सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा और अनंत सिंह समेत कई प्रमुख हस्तियों की प्रतिष्ठा दांव पर है। बिहार में 243 सीटों के लिए दो चरणों में चुनाव हो रहे हैं।
नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएँगे। वैशाली के लालगंज में बूथ संख्या 334-335 पर ईवीएम खराब होने पर लोगों ने “वोट चोर” के नारे लगाए। बूथ पर जमकर हंगामा हुआ। दरभंगा में बूथ संख्या 153 पर ईवीएम खराब होने के कारण मतदान शुरू नहीं हो पाया है। राघोपुर में भी ईवीएम खराब होने के कारण मतदान रोकना पड़ा। मनेर के बूथ संख्या 379 पर ईवीएम में खराबी के कारण सुबह 9:15 बजे तक मतदान शुरू नहीं हो पाया। इससे लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने समर्थकों के साथ मतदान केंद्र पहुँचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया।