छत्तीसगढ़ पुलिस अकादमी, चंदखुरी, के निदेशक IG रतनलाल डांगी को एक सब-इंस्पेक्टर (SI) की पत्नी द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोपों के बीच उनके पद से हटा दिया गया है। गृह विभाग ने तत्काल प्रभाव से डांगी को पुलिस अकादमी से हटाकर पुलिस मुख्यालय (PHQ) में अटैच कर दिया है।
तत्काल एक्शन और नई नियुक्ति
गृह विभाग के सचिव हिमशिखर गुप्ता द्वारा जारी आदेश के अनुसार:
IG रतनलाल डांगी (पुलिस अकादमी, चंदखुरी, निदेशक पद से हटाकर PHQ अटैच) हटा दिया गया है और सीनियर IPS अधिकारी अजय यादव को पुलिस अकादमी चंदखुरी का नया निदेशक बनाया गया है। (इससे पहले वह नारकोटिक्स डिपार्टमेंट में थे)।
शिकायत और IG डांगी का पक्ष
SI की पत्नी ने पुलिस मुख्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उन्होंने IG डांगी पर यौन उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। बताया जा रहा है कि लगभग 14 दिनों की आंतरिक जांच रिपोर्ट के बाद गृह विभाग ने यह कार्रवाई की है।
वहीं, आरोपों पर IG रतनलाल डांगी ने अपना पक्ष रखते हुए कहा है कि शिकायतकर्ता महिला उन्हें ब्लैकमेल कर रही है। उनके अनुसार, महिला उन्हें बदनाम करने की साजिश रच रही है, जिसकी शिकायत वह पहले ही सीनियर अधिकारियों से कर चुके हैं।
जांच जारी: IG आनंद छाबड़ा कर रहे हैं निगरानी
इस पूरे मामले की जांच पुलिस मुख्यालय के निर्देशन में IG आनंद छाबड़ा कर रहे हैं। जांच दल में महिला अधिकारियों को भी शामिल किया गया है।
सबसे पहले शिकायतकर्ता महिला से पूछताछ कर बयान और डिजिटल साक्ष्य जुटाए जाएंगे। इसके बाद IG रतनलाल डांगी का बयान दर्ज किया जाएगा। महिला ने आरोप लगाया है कि 2017 में मुलाकात के बाद से डांगी ने पदस्थापना (कोरबा, दंतेवाड़ा, राजनांदगांव, सरगुजा) के दौरान उसे परेशान किया और बिलासपुर IG रहते हुए उत्पीड़न बढ़ गया। उसने आपत्तिजनक डिजिटल साक्ष्य होने का भी दावा किया है। डांगी के परिजनों ने महिला पर धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग में पहले भी शामिल रहने का आरोप लगाया है, और कहा है कि महिला अधिकारी को बदनाम करने की साज़िश कर रही है।
जांच रिपोर्ट कब जारी होगी, इस संबंध में जांच दल या पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों ने फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं की है।