आत्म-अनुशासन ही लक्ष्य तक पहुंचने की शक्ति: सिंह

कलेक्टर ने किया महाविद्यालय के छात्रों से संवाद

अशोकनगर: प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय नेहरू पीजी कॉलेज अशोकनगर के आंतरिक गुणवत्ता अश्वासन प्रकोष्ठ एवं विज्ञान संकाय द्वारा संवाद सत्र का आयोजन किया गया। जिसमें जिला कलेक्टर आदित्य सिंह विद्यार्थियों से संवाद हेतु मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य डॉ. रेनू राजेश के मार्गदर्शन और संयोजक डॉ. दीक्षा भट्ट सहायक प्राध्यापक के निर्देशन में हुआ।

संवाद सत्र के दौरान कलेक्टर आदित्य सिंह ने विद्यार्थियों से आत्मीयता से बातचीत करते हुए अपने जीवन की प्रेरणादायी यात्रा साझा की। उन्होंने बताया कि उनकी शिक्षा की शुरूआत एक छोटे से जिला रीवा से हुइ जहां से उन्होंने अपनी मेहनत और लगन के बल पर आईआईटी रुड़की में प्रवेश प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने दिल्ली जाकर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी की और पहले ही प्रयास में भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयनित हुए। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सोशल मीडिया की रील्स या वीडियो से पाई क्षणिक प्रेरणा हर समय हमारे साथ नहीं रह सकती लेकिन आत्म-अनुशासन ही वह शक्ति है जो हमें अपने लक्ष्य तक पहुँचाती है। कलेक्टर आदित्य सिंह ने विद्यार्थियों से कॉलेज में सुधार के लिए सुझाव भी आमंत्रित किए। विद्यार्थियों ने बेहतर पुस्तकालय सेवाएं, खेल सुविधाओं में विस्तार, नए पाठ्यक्रम के प्रति जागरूकता और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिये सुविधायें उपलब्ध कराये जाने जैसे सुझाव दिए। इस अवसर पर लगभग 300 विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य डॉ. रेनू राजेश ने आदित्य सिंह का आभार व्यक्त किया और विद्यार्थियों को उनके अनुभवों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। यह संवाद सत्र विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायी सिद्ध हुआ।