SIR कार्यक्रम को संगठन के प्रत्येक स्तर तक लागू करेंगे: पूर्व सांसद

विदिशा: गुरूवार को पूर्व सांसद प्रताप भानु शर्मा के निवास पर एस.आई.आर.को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिले में जिला स्तरीय एस.आई.आर. कार्यक्रम की प्रभावी मॉनिटरिंग एवं समन्वय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रताप भानु शर्मा ने करते हुए कहा कि एस.आई.आर. कार्यक्रम को संगठन के प्रत्येक स्तर तक प्रभावी ढंग से लागू करने हेतु ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए, जिनमें यह निर्णय लिया गया कि जिले की पाँचों विधानसभाओं में 7 सदस्यीय समिति गठित की जाएगी। प्रत्येक समिति में एक प्रभारी संयोजक एवं छह सदस्य होंगे। साथ ही ब्लॉक अध्यक्ष, विधानसभा उम्मीदवार, नगर पालिका/परिषद पार्षद उम्मीदवार, मंडल अध्यक्ष एवं सेक्टर अध्यक्ष समिति के सहयोगी सदस्य के रूप में कार्य करेंगे। जिला निर्वाचन कार्यालय से बी.एल.ए की सूची एवं संबंधित दस्तावेज प्राप्त करने की जिम्मेदारी अंकुर गुप्ता को सौंपी गई। इसके अलावा यह निर्णय लिया गया कि विधानसभा स्तर पर पार्टी द्वारा नियुक्त बी.एल.ओ. का प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया जाएगा। इस प्रशिक्षण में एस.ए.आर. प्रभारी, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष, प्रशिक्षण के जिला प्रभारी, विधानसभा प्रभारी, विधानसभा उम्मीदवार, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं सभी बी.एल.ए उपस्थित रहेंगे। बैठक में जिला प्रशासन से आवश्यक दस्तावेजों हेतु चर्चा भी की गई। एस.आई.आर. प्रक्रिया में समन्वय के लिए राजेन्द्र गुप्ता एवं सुजीत देवरिया को जिला समन्वयक की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष कमल सिलाकारी, राजेन्द्र गुप्ता, विनोद कुमार शिवहरे, रानी अहिरवार, अरुण कुमार अवस्थी, सुजीत देवरिया, अंकुर गुप्ता, सुनील डांगी, जीनेश जैन, राउक खान, आशीष माहेश्वरी, धर्मेन्द्र यादव, दीपक शर्मा एवं मुबीन खान उपस्थित थे।