यूपी के रहने वाले पंजाब के पूर्व पुलिस महानिदेशक (DGP) मोहम्मद मुस्तफा, मलेरकोटला से तीन बार की विधायक व पूर्व मंत्री रही उनकी पत्नी रजिया सुल्ताना,उनकी बेटी एवं पुत्रवधु के खिलाफ अब सीचीआई जांच करेगी। इनके खिलाफ सीबीआई ने हत्या एवं आपराधिक साजिश रचने की धारा के तहत एफआईआर दर्ज की है। इन चारों पर अकील अख्तर की हत्या का आरोप है।
बता दें कि अकील की 16 अक्टूबर की देर रात पंचकुला में मौत हो गई थी। परिवार ने बताया था कि दवाइयों की ओवरडोज की वजह से मौत हुई। सहारनपुर में अंतिम संस्कार किया गया था। अंतिम संस्कार के बाद एक वीडियो सामने आया था। यह वीडियो 27 अगस्त का बताया गया था। वीडियो में अकील यह कहते दिखाई दिए कि परिवार के लोग उसे मारने के लिए साजिशें रच रहे हैं। पत्नी की शादी मेरे साथ नहीं, डैड के साथ हुई है। इसी को आधार बनाते हुए पूर्व डीजीपी के पड़ोसी शमशुद्दीन ने मनसा देवी थाने में मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अब तक पंचकूला पुलिस द्वारा गठित एसआईटी इस मामले की जांच कर रही थी।