कुपवाड़ा में घुसपैठ नाकाम: 2 आतंकी ढेर, श्रीनगर में 3 गिरफ्तार

भारतीय सेना के वीर सैनिकों ने सीमा पर घुसपैठ की साजिश को विफल कर दिया। जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा इलाके में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास तैनात जवानों ने दो अज्ञात आतंकियों को ढेर कर दिया। श्रीनगर स्थित चिनार कोर के अनुसार, खुफिया सूचना के आधार पर केरन सेक्टर में घुसपैठ रोकने के लिए विशेष ऑपरेशन चलाया गया।

सेना की एक्स पोस्ट में बताया गया कि सतर्क जवानों ने संदिग्ध हलचल देखी और उन्हें ललकारा। जवाब में आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में दोनों को मार गिराया गया। क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है।

इसी बीच, श्रीनगर पुलिस ने शुक्रवार को तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया और उनके कब्जे से हथियार व गोला-बारूद बरामद कर एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया। पुलिस के मुताबिक, ममता चौक और कोनाखान डलगेट में वाहन चेकिंग के दौरान एक बिना नंबर प्लेट वाली काली मोटरसाइकिल को रोका गया। रोकने के इशारे पर सवार तीनों भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने फुर्ती दिखाते हुए उन्हें दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में कुलीपोरा खानयार के शाह मुतैयब और कामरान हसन शाह तथा मेरठ (उत्तर प्रदेश) के मोहम्मद नदीम शामिल हैं, जो फिलहाल खानयार के कावा मोहल्ला में रह रहा था। उनके पास से एक देशी पिस्तौल और नौ जिंदा राउंड बरामद हुए। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि ये लोग इन हथियारों से इलाके में कोई बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।