भोपाल: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज पचमढ़ी पहुंच रहे हैं, जहां वे मध्य प्रदेश कांग्रेस के जिलाध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगे। इस दौरान राहुल गांधी प्रदेश में चल रहे एसआईआर की तैयारियों को लेकर प्रदेश कांग्रेस के नेताओं से चर्चा करेंगे। यह बैठक आगामी राजनीतिक दिशा और संगठन की सक्रियता तय करने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। राहुल गांधी दोपहर 3:20 बजे पचमढ़ी पहुंचेंगे और सीधे रविशंकर भवन जाएंगे, जहां वे प्रदेश के नेताओं के साथ बैठक करेंगे। यह बैठक 3:45 से 4:15 बजे तक चलेगी। इसमें मुख्य रूप से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, प्रदेश संगठन प्रभारी और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल रहेंगे। बैठक का मुख्य एजेंडा प्रदेश में एसआईआर अभियान के अब तक के क्रियान्वयन, मतदाता संपर्क, पुनर्गठन और बूथ स्तर की तैयारियों की समीक्षा रहेगा। राहुल गांधी यह भी जानना चाहेंगे कि प्रदेश कांग्रेस ने एसआईआर को लेकर किस स्तर तक माइक्रो-प्लानिंग की है, और जिलों में कांग्रेस का नेटवर्क कितना मजबूत हुआ है। रविवार सुबह 10:20 बजे राहुल गांधी पचमढ़ी से बिहार चुनाव प्रचार अभियान के लिए रवाना होंगे।