कांग्रेस का बड़ा ऐलान: 14 दिसंबर को रामलीला मैदान में “वोट चोर गद्दी छोड़ो” महारैली

बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की बड़ी जीत के बाद कांग्रेस पार्टी ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए देशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि 14 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में “वोट चोर गद्दी छोड़ो” नाम से विशाल महारैली का आयोजन होगा।

इस रैली का मुख्य मकसद चुनावी प्रक्रिया में कथित धांधली और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर हो रहे हमलों के खिलाफ पूरे देश में जागरूकता फैलाना है। वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी घोषणा की।

उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी और चुनाव आयोग मिलकर चुनावी परिणामों को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे संविधान और लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों को गहरी चोट पहुंच रही है। उन्होंने लिखा, “आज वोट चोरी का खतरा हमारे लोकतंत्र पर सबसे बड़ा संकट बनकर मंडरा रहा है। संविधान को कमजोर करने की इन साजिशों के खिलाफ संदेश देने के लिए कांग्रेस 14 दिसंबर को दोपहर 1:30 बजे से रामलीला मैदान में भव्य महारैली कर रही है।”

कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि देश के विभिन्न कोनों से उन्हें करोड़ों लोगों के हस्ताक्षर प्राप्त हुए हैं, जिनमें फर्जी मतदाताओं को जोड़ने, विपक्षी मतदाताओं के नाम काटने और मतदाता सूची में बड़े स्तर पर हेरफेर जैसे गंभीर आरोप दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि सभी ने देखा है कि चुनाव आयोग खुलेआम नियमों की अवहेलना कर रहा है, मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट के उल्लंघन को अनदेखा कर रहा है और बीजेपी को फायदा पहुंचाने में पक्षपातपूर्ण रवैया अपना रहा है।

वेणुगोपाल ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जो चुनाव आयोग कभी निष्पक्ष अंपायर की भूमिका निभाता था, वह अब खुले आम एक राजनीतिक दल का खिलाड़ी बन चुका है और चुनावी मैदान में समान अवसर की अवधारणा को पूरी तरह खत्म कर रहा है।