साइकिलिंग के क्षेत्र में बीकानेर ने आज (रविवार) केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल की पहल पर ‘वेदांता टूर डी थार’ साइकिल रैली के सफल आयोजन के साथ इतिहास रच दिया है। ‘टूर डी फ्रांस’ की तर्ज पर आयोजित हुई इस भव्य रैली में देश और दुनिया के 600 से अधिक साइकिल धावक ट्रैक पर उतरे।
इस रैली में फ्रांस, स्विट्जरलैंड, सिंगापुर और जर्मनी सहित भारत के 20 राज्यों के साइकिल धावक 100 और 200 किलोमीटर की स्पर्धाओं में ₹27 लाख के नकद पुरस्कार जीतने के लिए जोर लगा रहे हैं। बीकानेर के भी 250 से अधिक साइक्लिस्टों ने इसमें अपना पंजीकरण करवाया है।
केंद्रीय मंत्री मेघवाल ने नौरंगदेसर टोल प्लाजा से साइकिलिस्टों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, कार्बन उत्सर्जन कम करने, स्वस्थ रहने और पर्यटन विकास का संदेश दिया। नौरंगदेसर वह स्थान है जहाँ वर्ष 2023 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दौरा किया था।
यह आयोजन सांसद खेल महोत्सव-2025 के तहत युवा मामले और खेल मंत्रालय के फिट इंडिया के सहयोग से और साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के तकनीकी सहयोग से किया जा रहा है। साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के निदेशक (प्रशासन) वीएन सिंह ने कहा कि यह रैली बीकानेर को खेल परिदृश्य पर एक नई पहचान दिलाएगी। रैली नौरंगदेसर से शुरू होकर देसलसर तक चलेगी।