ट्रेन से कोलकाता जा रहे युवक से ₹40 लाख कैश जब्त, IT विभाग करेगी कार्यवाही

गया-धनबाद रेलखंड पर स्थित कोडरमा रेलवे स्टेशन पर मंगलवार दोपहर जीआरपी (राजकीय रेल पुलिस) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को ₹40 लाख नकद के साथ पकड़ा। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर जीआरपी प्रभारी उपेंद्र कुमार के नेतृत्व में की गई।

मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे प्लेटफॉर्म संख्या 03 पर 19 वर्षीय अमित कुमार (निवासी सिकंदरा, जमुई, बिहार) को संदिग्ध अवस्था में एक बैग के साथ पकड़ा गया। तलाशी लेने को कहने पर युवक घबरा गया, जिसके बाद उसे जीआरपी पोस्ट लाया गया।

कागजात दिखाने में विफल रहा युवक

पूछताछ में अमित ने बताया कि वह सोने-चांदी के व्यापार के लिए यह रकम (शुरुआत में 25 लाख रुपए बताए) गया-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस से कोलकाता लेकर जा रहा था। हालांकि, जीआरपी की गिनती में बैग से कुल ₹40 लाख रुपए बरामद हुए।

जीआरपी ने युवक से पैसों के संबंध में वैध कागजात प्रस्तुत करने को कहा, जिसके लिए उसे बुधवार सुबह तक का समय दिया गया था। समय सीमा समाप्त होने के बाद भी युवक कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश के बाद, अब जीआरपी उक्त पैसों की जब्ती सूची मजिस्ट्रेट के समक्ष तैयार करेगी और युवक अमित कुमार को बरामद नगदी के साथ आयकर विभाग (Income Tax Department) के हवाले कर दिया जाएगा, जिसके बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।