देश की मशहूर पान मसाला कंपनी कमला पसंद और राजश्री के मालिक कमल किशोर चौरसिया की बहू दीप्ति चौरसिया (40) ने मंगलवार शाम दिल्ली के वसंत विहार स्थित अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दीप्ति का शव सबसे पहले उनके पति हरप्रीत चौरसिया ने देखा, जो उन्हें अस्पताल लेकर गए, जहाँ उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। यह हाई-प्रोफाइल मामला पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे विवादों से जुड़ा बताया जा रहा है।
पुलिस को दीप्ति के घर से एक डायरी मिली है, जिसमें उन्होंने अपने पति हरप्रीत चौरसिया के साथ नियमित झगड़ों और रिश्ते में प्यार तथा भरोसे की कमी का जिक्र किया है।
पुलिस के मुताबिक, दीप्ति और उनके पति हरप्रीत चौरसिया दो अलग-अलग घरों में रहते थे। दीप्ति के परिजनों ने पति हरप्रीत चौरसिया पर खुदकुशी के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। हरप्रीत चौरसिया पर दो शादियाँ करने का भी आरोप है, जिनकी दूसरी पत्नी दक्षिण भारतीय फिल्मों की अभिनेत्री बताई जा रही हैं। पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है और हरप्रीत चौरसिया से जल्द ही पूछताछ की जा सकती है। बता दें कि कमला पसंद पान मसाला कंपनी की शुरुआत 1973 में कानपुर में हुई थी, जिसका आज अरबों रुपए का टर्नओवर है।