छत्तीसगढ़ में हेड कॉन्स्टेबल ने साथी को मारी गोली

रायगढ़ आरपीएफ (Railway Protection Force) पोस्ट के भीतर मंगलवार तड़के ड्यूटी के दौरान हुए एक भीषण विवाद में एक आरपीएफ हेड कॉन्स्टेबल ने अपने ही साथी पर गोली चला दी। इस फायरिंग में प्रधान आरक्षक पीके मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई।

सिर में चार राउंड फायर

यह दर्दनाक घटना तड़के करीब 4 बजे हुई, जब दोनों जवान अपनी ड्यूटी पर थे।

मृतक हेड कॉन्स्टेबल पीके मिश्रा मध्यप्रदेश के रीवा जिले के रहने वाले थे और रायगढ़ में अपने परिवार के साथ रहते थे। गोली चलाने वाला आरोपी जवान एस लादेर जांजगीर-चांपा का निवासी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पीके मिश्रा रात में पेट्रोलिंग ड्यूटी पूरी कर पोस्ट पर पहुंचे थे, जबकि आरोपी एस लादेर टीए (टेलीफोन अटेंड) ड्यूटी पर तैनात था। दोनों बैचमेट और मित्र थे, लेकिन किसी बात को लेकर बहस हुई, जिसके बाद एस लादेर ने पोस्ट में रखी पिस्टल से पीके मिश्रा के सिर पर चार राउंड फायर कर दिए।

आरपीएफ पोस्ट सील, उच्चस्तरीय जांच शुरू

गोलीकांड की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए आरपीएफ पोस्ट को सील कर दिया गया है।

बिलासपुर से IG मुनव्वर खुर्शीद भी आरपीएफ पोस्ट में पहुंचे हैं। फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है। आरोपी हेड कॉन्स्टेबल एस लादेर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

घटना की खबर मिलते ही मृतक पीके मिश्रा की पत्नी भी घटनास्थल पर पहुंच गईं। पीके मिश्रा करीब साढ़े तीन साल पहले अनूपपुर से रायगढ़ ट्रांसफर होकर आए थे।

इस घटना के बाद आरपीएफ पोस्ट के आसपास अफरा-तफरी मच गई है। उच्चाधिकारी मामले की गहन जांच में जुटे हैं, जिसके बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।