केरल पंचायत चुनाव: BJP ने उतारी ‘सोनिया गांधी’, कांग्रेस कनेक्शन भी!

केरल में इन दिनों स्थानीय निकाय चुनाव का माहौल गर्म है। चुनाव दो चरणों में 9 और 11 दिसंबर को होंगे, जबकि परिणाम 13 दिसंबर को आएगा। इन चुनावों में 941 ग्राम पंचायतें, 152 ब्लॉक पंचायतें, 14 जिला पंचायतें, 87 नगरपालिकाएं और 6 नगर निगम शामिल हैं।

इसी बीच इडुक्की जिले के मुन्नार क्षेत्र में एक दिलचस्प संयोग सामने आया है। देवीकुलम ब्लॉक पंचायत के नल्लाथन्नी वार्ड से भारतीय जनता पार्टी ने 34 वर्षीया सोनिया गांधी को अपना उम्मीदवार बनाया है। जी हां, उनका नाम वही सोनिया गांधी है, जिस नाम से देश पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद को जानता है।

यह सोनिया गांधी मूल रूप से कांग्रेस परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता दिवंगत दुरे राज स्थानीय स्तर पर सक्रिय कांग्रेस नेता थे। लेकिन शादी के बाद उनकी जिंदगी ने नया मोड़ लिया। उनका विवाह भाजपा नेता सुभाष से हुआ, जो ओल्ड मुन्नार-मुलक्कड़ क्षेत्र में पार्टी के पंचायत महासचिव हैं और पहले उपचुनाव भी लड़ चुके हैं। पति के प्रभाव से सोनिया भी भाजपा से जुड़ गईं और अब पहली बार चुनाव मैदान में उतर रही हैं।

उनके सामने कांग्रेस की मंजुला रमेश और सीपीएम की वालरमति मैदान में हैं। नाम के इस संयोग की वजह से इस वार्ड में खासी चर्चा है।

वहीं एर्नाकुलम जिले के असमन्नूर ग्राम पंचायत में एक और अनोखी तस्वीर देखने को मिल रही है। यहां दूसरे वार्ड से 90 साल के नारायणन नायर निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। उम्र का कोई असर नहीं, वे हाथ में काला बैग लिए धीरे-धीरे घर-घर जा रहे हैं और कांपती आवाज में लोगों से वोट मांग रहे हैं। उनका जोश देखकर हर कोई हैरान है।