जयपुर स्थित राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर बेंच को लगातार तीसरे दिन भी बम विस्फोट की धमकी वाला ईमेल मिला। इस हफ्ते में अब तक हर रोज ऐसी धमकी मिल चुकी है।
धमकी मिलते ही हाईकोर्ट प्रशासन ने तुरंत कार्यवाही करीब एक घंटे के लिए स्थगित कर दी। पूरे परिसर को खाली कराया गया। वकील, पक्षकार, कर्मचारी और अन्य सभी लोगों को बाहर निकालकर बारीकी से तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस के बम डिस्पोजल स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड ने कोर्ट की हर इमारत, कोने-कोने की गहन जांच की। फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस भी मौके पर तैनात रही।
हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने आगामी बार चुनाव को देखते हुए प्रशासन से परिसर में अतिरिक्त सुरक्षाबल तैनात करने की मांग की है।हाईकोर्ट थाना प्रभारी सुमेर सिंह ने बताया कि हर बार की तरह इस बार भी पूरी सतर्कता बरती गई और कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट प्रह्लाद शर्मा ने इसे गंभीर खतरा बताया। उन्होंने कहा, “रोजाना धमकी देना कोई शरारत नहीं लगती। या तो किसी खास केस की सुनवाई टालने की साजिश है या लगातार धमकियां देकर सुरक्षा व्यवस्था को सुस्त करने के बाद कोई बड़ी वारदात करने का इरादा हो सकता है। जांच एजेंसियों को तुरंत पता लगाना चाहिए कि ये मेल किसके हैं और असल मकसद क्या है।”
गौरतलब है कि पहली धमकी 31अक्टूबर को मिली थी। उसके बाद करीब एक महीना शांति रही। फिर 5 दिसंबर को दोबारा धमकी आई और अब 8 दिसंबर से रोजाना धमकी भरे मेल आ रहे हैं। इसी तरह जयपुर की सेशन कोर्ट को भी पिछले कुछ दिनों में दो बार बम की धमकी मिल चुकी है।