रीवा में ट्रेन से अवैध विस्फोटक जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

रीवा जिले के डभौरा में पुलिस ने अवैध विस्फोटक सामग्री की बड़ी खेप पकड़ते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। सोमवार रात की गई इस कार्रवाई में, पुलिस ने एक पुरुष और एक महिला को उत्तर प्रदेश से ट्रेन के माध्यम से विस्फोटक लाते हुए पकड़ा। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से 400 डेटोनेटर और केबल सहित अन्य सामग्री बरामद की गई है।

पुलिस कार्रवाई और आरोपियों की पहचान

एसपी शैलेंद्र सिंह चौहान को मिली खुफिया सूचना के आधार पर, डभौरा थाना प्रभारी ऋषभ सिंह बघेल ने स्टेशन पर जाल बिछाया। आरोपी जैसे ही जनता एक्सप्रेस से डभौरा रेलवे स्टेशन उतरे और बाजार क्षेत्र में प्रवेश किया, पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रोक लिया। तलाशी लेने पर उनके थैलों से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री मिली।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान सोहागी निवासी विनोद मांझी और छदेनी, जवा निवासी पूजा मांझी के रूप में हुई है, जो आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।

अवैध खनन के लिए सप्लाई का शक

पुलिस के अनुसार, ये दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के मानिकपुर से यह खेप लेकर आए थे। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे इस विस्फोटक सामग्री को क्षेत्र में सक्रिय अवैध खनन माफियाओं को बेचने के लिए लाए थे, जो खनिज चट्टानों को तोड़ने के लिए डेटोनेटर का इस्तेमाल करते हैं। आरोपियों ने यह भी बताया कि वे पहले भी इसी तरह विस्फोटक सामग्री की खेप ला चुके थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।