लॉरेंस बिश्नोई गैंग का गुर्गा मयंक सिंह रायपुर पुलिस की गिरफ्त में; कारोबारियों पर फायरिंग का है आरोप

छत्तीसगढ़ और झारखंड की पुलिस के कड़े पहरे के बीच कुख्यात गैंगस्टर मयंक सिंह को आज रायपुर लाया गया है। रायपुर कोर्ट द्वारा जारी प्रोडक्शन वारंट के आधार पर छत्तीसगढ़ पुलिस उसे झारखंड की जेल से लेकर पहुंची है। मयंक सिंह पर रायपुर के कोयला कारोबारियों के कार्यालयों पर फायरिंग करवाने और उनसे भारी रंगदारी (Extortion) मांगने के कई गंभीर आरोप हैं। अब से कुछ ही देर में उसे कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग करेगी।

अमन साव और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा है नाम मयंक सिंह को कुख्यात अमन साव गैंग का सबसे सक्रिय सदस्य माना जाता है, जिसके तार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लॉरेंस बिश्नोई सिंडिकेट से भी जुड़े हुए हैं। मयंक सिंह पर हत्या, रंगदारी, धमकी और आपराधिक साजिश के करीब 45 से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, वह लंबे समय तक विदेश (मलेशिया) में बैठकर अपना नेटवर्क संचालित कर रहा था और उद्योगपतियों के साथ-साथ राजस्थान के एक कांग्रेस विधायक व पूर्व मंत्री से भी रंगदारी मांग चुका है।

रायपुर फायरिंग कांड का मास्टरमाइंड जुलाई 2024 में रायपुर के कोयला कंस्ट्रक्शन कारोबारी प्रहलाद राय और पीआर ग्रुप के कार्यालय पर दिनदहाड़े फायरिंग हुई थी। सीसीटीवी फुटेज में बाइक सवार हमलावरों को कार और हवा में गोलियां चलाते देखा गया था। पुलिस जांच में सामने आया था कि इस पूरी वारदात की साजिश मयंक सिंह ने ही रची थी। अमन साव के एनकाउंटर के बाद मयंक सिंह ही इस गिरोह की सबसे अहम कड़ी बनकर उभरा है।

मीडिया को दी थी ‘बदला’ लेने की धमकी मयंक सिंह उस समय सुर्खियों में आया था जब जून 2024 में उसके गुर्गों की गिरफ्तारी के बाद उसने छत्तीसगढ़ की मीडिया को एक धमकी भरा ई-मेल भेजा था। इस मेल में उसने पुलिसिया कार्रवाई को षड्यंत्र बताते हुए कारोबारियों को खुली चुनौती दी थी। गैंगस्टर ने लिखा था कि “ईगो हर्ट होने” के कारण वह कारोबारियों के परिवार के एक सदस्य को कम कर देगा। इस गंभीर धमकी के बाद रायपुर पुलिस ने मयंक सिंह की गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी तेज कर दी थी।

रायपुर पुलिस अब मयंक सिंह से पूछताछ कर प्रदेश में फैले उसके नेटवर्क, अवैध फंडिंग और गिरोह के अन्य सदस्यों के ठिकानों का पता लगाएगी। सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।