सीएम मोहन यादव के बेटे-बहू निकले नर्मदा परिक्रमा पर; ओंकारेश्वर से की यात्रा की शुरुआत

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के छोटे बेटे डॉ. अभिमन्यु और उनकी पुत्रवधू डॉ. इशिता ने अपनी वैवाहिक पारी की शुरुआत आध्यात्मिक मार्ग से की है। यह नवविवाहित जोड़ा सोमवार, 22 दिसंबर को तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर से मां नर्मदा की पवित्र परिक्रमा पर निकला है। उल्लेखनीय है कि डॉ. अभिमन्यु और डॉ. इशिता का विवाह पिछले माह 30 नवंबर को उज्जैन में एक भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन के दौरान संपन्न हुआ था।

15 दिनों का होगा आध्यात्मिक प्रवास ओंकारेश्वर से शुरू हुई यह नर्मदा परिक्रमा लगभग 15 दिनों तक चलेगी। यात्रा के दौरान यह परिवार महेश्वर, बड़वानी और गुजरात के राजपीपला स्थित गरुड़ेश्वर (स्टैच्यू ऑफ यूनिटी क्षेत्र) से होते हुए भरूच पहुंचेगा। इस भक्ति यात्रा का समापन खंभात की खाड़ी में नर्मदा-सागर संगम पर होगा। इस सफर में डॉ. अभिमन्यु के साथ उनके बड़े भाई वैभव यादव, भाभी, बड़ी बहन डॉ. आकांक्षा यादव और उनके जीजाजी भी शामिल हैं। पूरा परिवार सामूहिक रूप से इस धार्मिक अनुष्ठान को पूरा कर रहा है।

सादगी की मिसाल बनी थी शादी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बेटे की शादी अपनी सादगी और परंपराओं के लिए चर्चा में रही थी। उज्जैन के सांवराखेड़ी में आयोजित इस सामूहिक विवाह सम्मेलन में डॉ. अभिमन्यु और डॉ. इशिता के साथ कुल 22 जोड़ों ने सात फेरे लिए थे। इस समारोह की खास बात यह थी कि वरमाला के समय योग गुरु बाबा रामदेव ने स्वयं मंत्रोच्चार किया था।

उस दौरान नवदंपति को आशीर्वाद देने के लिए राज्यपाल मंगुभाई पटेल, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रवींद्र पुरी सहित देश की कई बड़ी हस्तियां पहुंची थीं। शादी के मात्र 21 दिन बाद ही राजसी सुख-सुविधाओं से दूर नर्मदा परिक्रमा पर निकलने के इस फैसले की सोशल मीडिया पर काफी सराहना की जा रही है।