सीहोर: डेटोनेटर ले जा रहे युवक की बाइक पर जोरदार विस्फोट, हुई मौत

सीहोर जिले के रामनगर गांव के पास रविवार को एक भयानक दुर्घटना हुई। सूत्रों के अनुसार, एक युवक मोटरसाइकिल पर विस्फोटक सामग्री ले जा रहा था, अचानक तेज धमाका हो गया। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान जमली गांव निवासी 30 वर्षीय सुखराम बरेला के रूप में हुई है। वह दोपहर के समय रामनगर की ओर जा रहा था। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सुखराम कुओं में ब्लास्टिंग का कार्य करता था और उसके पास बड़ी संख्या में डेटोनेटर थे।

धमाके के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त बाइक और गंभीर रूप से घायल युवक को देखकर फौरन पुलिस को सूचित किया। सूचना पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, क्षेत्र को सील कर सबूत जुटाए और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को मौके पर बुलाया।प्रारंभिक जांच से विस्फोटक पदार्थ होने का संदेह है, लेकिन इछावर थाने के एएसआई मनोज गोस्वामी ने बताया कि विस्फोटक की प्रकृति की आधिकारिक पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। इस हादसे के बाद अवैध विस्फोटकों के परिवहन और उपयोग पर गहन जांच चल रही है।