मुक्केबाजी: अभिनाश ने थापा को हराया

प्रतिभावान भारतीय मुक्केबाज अभिनाश जामवाल ने अनुभवी शिव थापा पर शानदार जीत के साथ अपने खिताब का बचाव शुरू किया जबकि निकहत जरीन और लवलीना बोरगोहेन भी सोमवार को सीनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप के दूसरे दिन आसानी से जीत दर्ज करने में सफल रहीं।

23 वर्षीय जामवाल ने असम के शिव पर सर्वसम्मत फैसले से शानदार जीत दर्ज की। जामवाल की बढ़ती परिपक्वता और अंतरराष्ट्रीय अनुभव मुकाबले में साफ दिखा क्योंकि उन्होंने धैर्य के साथ डिफेंस किया और अपनी लंबी पहुंच का पूरा फायदा उठाया। मीनाक्षी (48 किग्रा) और लवलीना (75 किग्रा) ने आसानी से 5-0 से जीत हासिल की। मीनाक्षी ने तमिलनाडु की वी लक्ष्या एस विजयन को हराया जबकि लवलीना को कृष्णा वर्मा को हराने में अधिक दिक्कत नहीं हुई। 

तेलंगाना का प्रतिनिधित्व कर रही निकहत ने चंडीगढ़ की निधि को 5-0 से हराया। हालांकि उन्होंने माना कि सुधार की गुंजाइश है। प्रीति पवार (54 किग्रा), हितेश गुलिया (70 किग्रा), पवन बर्तवाल (55 किग्रा), अंकुश पंघाल (80 किग्रा) और जुगनू अहलावत (85 किग्रा) भी अगले दौर में पहुंच गए। आशीष कुमार चौधरी (80 किग्रा) को पहले दौर में डिस्क्वालीफाई कर दिया गया।