ICC ने बांग्लादेश की मांग ठुकराई: टी20 वर्ल्ड कप मैच भारत में ही खेलने होंगे

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) की उस अपील को अस्वीकार कर दिया है, जिसमें उन्होंने सुरक्षा कारणों से टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने सभी मैच भारत से बाहर कराने की मांग की थी। ICC का कहना है कि खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर कोई ठोस खतरा नहीं है और टूर्नामेंट इतनी जल्दी शुरू होने वाला है कि वेन्यू बदलना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं।

यह पूरा मामला तब शुरू हुआ जब बीसीसीआई के निर्देश पर कोलकाता नाइट राइडर्स ने बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल 2026 से बाहर कर दिया। इसके जवाब में बीसीबी ने 4 जनवरी को ICC को पत्र लिखकर अपने मैच श्रीलंका में शिफ्ट करने की गुहार लगाई। बांग्लादेश के ग्रुप स्टेज मुकाबले कोलकाता और मुंबई में निर्धारित हैं, जिनमें पहला मैच 7 फरवरी को वेस्टइंडीज से ईडन गार्डन्स में होना है।

ICC ने 6 जनवरी को बीसीबी के साथ वर्चुअल मीटिंग के बाद साफ कर दिया कि कोई सुरक्षा संबंधी पुख्ता जानकारी नहीं मिली है, इसलिए शेड्यूल में बदलाव नहीं होगा। अगर बांग्लादेश की टीम भारत नहीं आती, तो उसे मैच हारने मानकर पॉइंट्स गंवाने पड़ सकते हैं और विपक्षी टीमों को दो-दो अंक मिल जाएंगे।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 की सह-मेजबानी भारत और श्रीलंका कर रहे हैं, जो 7 फरवरी से 8 मार्च तक चलेगा। पाकिस्तान के मैच पहले ही श्रीलंका में शिफ्ट किए जा चुके हैं, लेकिन बांग्लादेश के मामले में ICC ने कड़ा स्टैंड लिया है। अब नजर इस पर होगी कि बीसीबी अपना रुख बदलता है या टूर्नामेंट में भाग लेने से इनकार करता है, जिससे उसके लिए बड़ा नुकसान हो सकता है।