PHED का अधीक्षण अभियंता रिश्वत में ‘iPhone’ लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, ACB की बड़ी कार्रवाई

राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने आज भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) के अधीक्षण अभियंता विष्णुचंद गोयल को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए एक ठेकेदार से उसके बकाया बिल पास करने और भविष्य में परेशान न करने के एवज में रिश्वत के तौर पर करीब 1.50 लाख रुपये की कीमत वाले लेटेस्ट एप्पल आईफोन (iPhone 16 Pro) की मांग की थी।

एसीबी मुख्यालय को मिली शिकायत के अनुसार, परिवादी रामचंद्र ठेकेदार झालावाड़ खंड में हैंडपंप और पाइपलाइन मरम्मत का कार्य करता है। आरोपी विष्णुचंद गोयल उसे और उसके पार्टनर को अगस्त महीने से ही काम में आपत्तियां निकालकर प्रताड़ित कर रहा था और काम से हटाने की धमकी देकर महंगे मोबाइल के लिए दबाव बना रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी इससे पहले रजिस्ट्रेशन के नाम पर ठेकेदार से 25 हजार रुपये की नकद रिश्वत भी वसूल चुका था।

शिकायत का गोपनीय सत्यापन होने के बाद एसीबी की कोटा रेंज टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और शुक्रवार को जैसे ही आरोपी ने परिवादी से आईफोन स्वीकार किया, टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशन में फिलहाल आरोपी के आवास और अन्य ठिकानों पर तलाशी की कार्रवाई जारी है, ताकि भ्रष्टाचार से अर्जित अन्य अवैध संपत्तियों का खुलासा किया जा सके। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग अब आरोपी अधिकारी के निलंबन की प्रक्रिया भी शुरू कर रहा है।