कोलकाता में छिड़ा ‘सत्ता संग्राम’: I-PAC पर ED की छापेमारी के विरोध में आज सड़क पर उतरेंगी ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर राजभवन, सड़क और केंद्रीय एजेंसियों के बीच टकराव चरम पर पहुंच गया है। राजनीतिक सलाहकार फर्म आई-पैक (I-PAC) के कार्यालय और इसके प्रमुख प्रतीक जैन के आवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई ने राज्य में सियासी उबाल ला दिया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस छापेमारी को तृणमूल कांग्रेस की चुनावी रणनीति ‘लूटने’ की साजिश करार देते हुए आज कोलकाता में एक विशाल विरोध रैली का आह्वान किया है।

छापेमारी के बीच ‘दीदी’ की एंट्री: हाथ में दिखा रहस्यमयी फोल्डर

गुरुवार दोपहर को कोलकाता में उस वक्त नाटकीय स्थिति बन गई जब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद आई-पैक प्रमुख प्रतीक जैन के आवास पर पहुंच गईं। उनके वहां पहुंचने से पहले कोलकाता पुलिस कमिश्नर मनोज वर्मा भी मौके पर मौजूद थे।

 मुख्यमंत्री लगभग 20-25 मिनट तक जैन के आवास के भीतर रहीं। जब वह बाहर निकलीं, तो उनके हाथ में हरे रंग का एक फोल्डर देखा गया, जिसे लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हैं। बनर्जी ने दावा किया कि केंद्रीय एजेंसियां टीएमसी के आईटी सेल के संवेदनशील डेटा, हार्ड डिस्क और चुनाव रणनीति से जुड़े दस्तावेजों को जब्त करने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने इसे पूरी तरह ‘असंवैधानिक’ करार दिया।

शाह बनाम ममता: “प्रधानमंत्री अपने गृह मंत्री पर नियंत्रण रखें”

ममता बनर्जी ने इस कार्रवाई के लिए सीधे तौर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने इसे ‘बदले की राजनीति’ बताते हुए कहा कि विपक्षी दलों को डराने के लिए एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कड़े लहजे में कहा, “अमित शाह जी, यह कानून का पालन नहीं है। प्रधानमंत्री को अपने गृह मंत्री पर नियंत्रण रखना चाहिए, जिन पर देश की सुरक्षा की जिम्मेदारी है।”

भाजपा का पलटवार: “भ्रष्टाचार छिपाने की कोशिश”

वहीं, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री के इस कदम को असंवैधानिक और जांच में सीधा हस्तक्षेप बताया। उन्होंने 2019 के राजीव कुमार मामले की याद दिलाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री एक बार फिर केंद्रीय एजेंसियों के कामकाज में बाधा डाल रही हैं। अधिकारी ने सवाल उठाया कि “एक निजी परामर्श फर्म के पास तृणमूल कांग्रेस के गोपनीय आंतरिक दस्तावेज आखिर क्या कर रहे थे?”

आज 5 किलोमीटर लंबी ‘विरोध पदयात्रा’

ईडी की इस कार्रवाई के खिलाफ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज जादवपुर 8बी बस स्टैंड से हाजरा क्रॉसिंग तक लगभग 5 किलोमीटर लंबी पदयात्रा का नेतृत्व करेंगी। टीएमसी ने अपने कार्यकर्ताओं और आम जनता से इस रैली में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।

गौरतलब है कि आई-पैक (I-PAC) केवल एक सलाहकार फर्म नहीं है, बल्कि टीएमसी के पूरे डिजिटल मीडिया, आईटी सेल और चुनावी प्रबंधन की धुरी मानी जाती है।