सेंसेक्स की 900 अंकों की ‘मिरेकल रिकवरी’, भारत-अमेरिका ट्रेड डील की खबरों से लौटी बाजार में रौनक

भारतीय शेयर बाजार ने सोमवार को जबरदस्त नाटकीयता दिखाई। शुरुआती कारोबार में चौतरफा बिकवाली के कारण भारी गिरावट झेलने के बाद, बाजार ने शानदार वापसी की। सेंसेक्स अपने दिन के निचले स्तर से करीब 900 अंकों की छलांग लगाकर हरे निशान में बंद होने में कामयाब रहा।

बिकवाली के बीच कैसे बदली बाजार की चाल?

कारोबार की शुरुआत काफी कमजोर रही थी और सेंसेक्स 715 अंक टूटकर 82,861 के स्तर तक गिर गया था। निफ्टी में भी 25,473 के स्तर तक गोता लगाया था। लेकिन दोपहर के सत्र में भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर के एक बयान ने निवेशकों का मूड पूरी तरह बदल दिया। उन्होंने भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते (Trade Deal) को लेकर सकारात्मक संकेत दिए और बताया कि इस पर अगली अहम बैठक कल यानी मंगलवार को होने वाली है।

सर्जियो गोर के बयानों ने फूंकी जान

अमेरिकी राजदूत के बयानों ने निवेशकों के उस डर को खत्म कर दिया जो ट्रंप प्रशासन की व्यापार नीतियों को लेकर बना हुआ था। सर्जियो गोर ने न केवल जल्द ट्रेड डील होने की उम्मीद जगाई, बल्कि यह भी संकेत दिया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले एक से दो वर्षों में भारत का दौरा कर सकते हैं। इन खबरों के आते ही निचले स्तरों पर ‘वैल्यू बाइंग’ शुरू हो गई और बाजार ने तेजी से रिकवरी की।

बाजार का अंतिम स्कोरकार्ड

कारोबार के अंत में BSE सेंसेक्स 301.93 अंक (0.36%) की तेजी के साथ 83,878.17 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, NSE निफ्टी 106.95 अंक (0.42%) की बढ़त लेकर 25,790.25 के स्तर पर रहा। जानकारों का मानना है कि यदि कल होने वाली ट्रेड बातचीत सकारात्मक रहती है, तो बाजार में यह तेजी आगे भी जारी रह सकती है।