नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में चल रहे इंडिया ओपन सुपर 750 टूर्नामेंट में उस वक्त एक अजीब स्थिति पैदा हो गई, जब आसमान में उड़ने वाले परिंदों की वजह से खेल के बीच में बाधा आ गई। भारत के स्टार शटलर एचएस प्रणॉय और सिंगापुर के लोह कीन यू के बीच खेले जा रहे प्री-क्वार्टर फाइनल मैच को दो बार रोकना पड़ा क्योंकि छत से कोर्ट पर पक्षियों की बीट गिर रही थी।
लाइव मैच में दो बार हुई रुकावट
यह घटना स्टेडियम के मुख्य टीवी कोर्ट (कोर्ट नंबर-1) पर हुई। पहली बार खेल तब रुका जब पहले गेम में स्कोर 16-14 था। कोर्ट पर बीट गिरने के कारण खिलाड़ियों के फिसलने का खतरा था, जिसे देखते हुए अंपायर ने खेल रोक दिया। इसके बाद तीसरे गेम की शुरुआत (स्कोर 1-0) में फिर से यही वाकया दोहराया गया। दोनों मौकों पर मैच अधिकारियों को हाथ में टिशू पेपर लेकर कोर्ट साफ करने के लिए दौड़ना पड़ा।
दावों की खुली पोल: स्टेडियम में पक्षी और बंदरों का आतंक
यह घटना बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (BAI) के लिए शर्मिंदगी का सबब बन गई है। महज दो दिन पहले ही आयोजकों ने दावा किया था कि मुख्य स्टेडियम पूरी तरह ‘कबूतर मुक्त’ है। दरअसल, विदेशी खिलाड़ी मिया ब्लिचफेल्ड ने प्रैक्टिस एरिया में पक्षियों की गंदगी की शिकायत की थी, जिसे BAI ने खारिज कर दिया था। लेकिन लाइव मैच के दौरान हुई इस घटना ने सुरक्षा और साफ-सफाई के दावों पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। इतना ही नहीं, सोशल मीडिया पर स्टेडियम के स्टैंड्स में बंदरों के घूमने का वीडियो भी वायरल हो रहा है।
खिलाड़ियों की चुनौती: ठंड, प्रदूषण और अब पक्षी
मैच के बाद एचएस प्रणॉय ने मुस्कुराते हुए इस घटना की पुष्टि की। हालांकि, उनके प्रतिद्वंद्वी लोह कीन यू ने दिल्ली के बढ़ते प्रदूषण पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि खराब एयर क्वालिटी के कारण उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही है और वे कोर्ट के बाहर मास्क का सहारा ले रहे हैं। दिल्ली की कड़ाके की ठंड और स्मॉग के बीच अब पक्षियों की मौजूदगी ने खिलाड़ियों की परेशानी और बढ़ा दी है।