कर्नाटक के लक्कुंडी में खुदाई के दौरान मिला प्राचीन खजाना; सरकार ने शुरू किया व्यापक सर्च ऑपरेशन

कर्नाटक के गांव लक्कुंडी में एक घर के निर्माण के दौरान सोने के आभूषण मिलने के बाद राज्य सरकार ने क्षेत्र में बड़े पैमाने पर ‘ट्रेजर हंट’ यानी खजाने की खोज शुरू कर दी है। वास्तुशिल्प विरासत के लिए प्रसिद्ध गदग जिले के इस गांव में अब कोटे वीरभद्रेश्वर मंदिर के परिसर में वैज्ञानिक तरीके से खुदाई की जा रही है। इस अभियान को पर्यटन विभाग, पुरातत्व विभाग और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से संचालित कर रहे हैं।

खुदाई की इस बड़ी कार्रवाई की नींव तब पड़ी जब एक लड़के को घर की नींव की खुदाई के दौरान तांबे के बर्तन में रखे 470 ग्राम पुराने सोने के आभूषण मिले। लगभग 300 से 400 साल पुराने बताए जा रहे इन आभूषणों को लड़के ने ईमानदारी का परिचय देते हुए जिला प्रशासन को सौंप दिया, जिसके लिए उसे सम्मानित भी किया गया। इस घटना के बाद विशेषज्ञों का मानना है कि इस ऐतिहासिक क्षेत्र की जमीन के नीचे भारी मात्रा में बेशकीमती धातुएं और रत्न दबे हो सकते हैं।

पुरातत्व विभाग के अनुसार, लक्कुंडी प्राचीन काल में चालुक्य, राष्ट्रकूट, होयसल और विजयनगर जैसे महान साम्राज्यों का प्रमुख केंद्र रहा है। ऐतिहासिक रूप से यह गांव सोने के सिक्के ढालने की टकसाल के रूप में भी जाना जाता था। अधिकारियों ने मंदिर परिसर में 10 मीटर बाई 10 मीटर का क्षेत्र चिह्नित किया है, जहाँ जेसीबी और ट्रकों की मदद से उत्खनन जारी है। इस खोज से न केवल स्वर्ण आभूषण, बल्कि मध्यकालीन कर्नाटक के इतिहास से जुड़े शिलालेख और मूर्तियों के मिलने की भी प्रबल संभावना जताई जा रही है।