रतलाम पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नामली थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने रतलाम-मंदसौर फोरलेन पर घेराबंदी कर एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में डोडाचूरा बरामद किया है।
नाकेबंदी में धरे गए तस्कर
एसडीओपी किशोर पाटनवाला ने बताया कि मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर थाना प्रभारी गायत्री सोनी के नेतृत्व में पंचेड़ फंटा पर नाकेबंदी की गई थी। इस दौरान महाराष्ट्र पासिंग सफेद रंग की i20 कार (MH 04 GZ 5511) को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 6 बोरियों में भरा 90 किलो 800 ग्राम डोडाचूरा मिला। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 2 लाख 80 हजार रुपए बताई जा रही है।पुलिस ने कार में सवार दो युवकों अशोक विश्नोई (28), रामजस विश्नोई (20) को गिरफ्तार किया है
नेटवर्क की तलाश में पुलिस
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार और डोडाचूरा को जब्त कर लिया है। नामली थाना प्रभारी गायत्री सोनी के अनुसार, आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड मांगा जाएगा। शुरुआती पूछताछ में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि तस्करी का यह माल कहाँ से लाया गया था और इसकी डिलीवरी कहाँ दी जानी थी।