बलौदाबाजार हादसा: इस्पात प्लांट में भीषण ब्लास्ट, 6 मजदूरों की मौत, 5 घायल

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में एक भयानक औद्योगिक दुर्घटना हुई है। भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के बकुलाही गांव स्थित एक इस्पात संयंत्र (रियल इस्पात प्लांट) में क्लिनिकल फर्नेस चलाते समय भीषण विस्फोट हो गया। इस हादसे में छह मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि पूरे परिसर में हड़कंप मच गया और कामकाज पूरी तरह बंद हो गया। मजदूरों में भय का माहौल फैल गया। सूचना मिलते ही बलौदाबाजार कलेक्टर दीपक सोनी, पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता, भाटापारा ग्रामीण पुलिस और अतिरिक्त बल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। प्रशासन ने तत्काल राहत-बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को पहले भाटापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्रारंभिक इलाज के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें बिलासपुर रेफर कर दिया गया।

मंत्री टंक राम वर्मा ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि इस घटना की गहन जांच होनी चाहिए। उन्होंने पूछा कि सुरक्षा मानकों का पालन हुआ था या नहीं, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और मजदूरों की मौत की वास्तविक वजह क्या है, इन सभी सवालों की निष्पक्ष जांच जरूरी है।

कलेक्टर दीपक सोनी और एसपी भावना गुप्ता ने घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि छह मजदूरों की मौत हुई है और पांच घायल हैं। पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम जांच में जुटी है। संयंत्र प्रबंधन से पूछताछ की जा रही है और सुरक्षा संबंधी दस्तावेजों की जांच चल रही है। मृतकों में शामिल हैं, मोटाज अंसारी (26), सराफत अंसारी (32), साबिर अंसारी (37), कल्पू भुइया (51), रामू भुइया (34)।