लगातार तीन दिनों तक नई रिकॉर्ड ऊंचाई छूने के बाद गुरुवार को सोने के दामों में गिरावट आई, जबकि चांदी ने मजबूत शुरुआत की। हालांकि, दोनों कीमती धातुएं अपने सर्वकालिक उच्च स्तर से नीचे ही ट्रेड कर रही हैं।
घरेलू बाजार में एमसीएक्स पर सोने के फरवरी वायदा अनुबंध में शुरुआत में 1,305 रुपये की कमी देखी गई और यह 1,51,557 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला (पिछला बंद 1,52,862 रुपये)। दिनभर में यह 1,52,499 रुपये तक लुढ़का, उच्चतम 1,53,784 रुपये और निचला स्तर 1,50,140 रुपये रहा। इस साल सोने का अब तक का सर्वोच्च भाव 1,58,475 रुपये रहा है।
दूसरी ओर, चांदी के मार्च वायदा अनुबंध ने तेजी से शुरुआत की। यह 1,351 रुपये की बढ़त के साथ 3,19,843 रुपये प्रति किलो पर खुला और बाद में 1,463 रुपये की मजबूती के साथ 3,19,955 रुपये पर कारोबार कर रहा था। दिन का उच्च स्तर 3,25,602 रुपये और निचला स्तर 3,16,500 रुपये रहा। इसी हफ्ते चांदी ने 3,35,521 रुपये प्रति किलो का रिकॉर्ड स्तर छुआ था।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कॉमेक्स पर सोना सुस्त रहा। यह 4,836.20 डॉलर प्रति औंस पर खुला और बाद में 41.60 डॉलर की गिरावट के साथ 4,795.90 डॉलर पर पहुंचा। इस साल सोने का उच्चतम स्तर 4,891.10 डॉलर रहा है। वहीं, चांदी में 0.55 डॉलर की बढ़त के साथ 93.19 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेडिंग हो रही थी, जबकि साल का उच्च स्तर 95.74 डॉलर दर्ज किया गया है।