रायगढ़ में कबाड़ माफिया पर सर्जिकल स्ट्राइक: 24 ठिकानों पर छापेमारी, ₹4.90 करोड़ का माल जब्त

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध कबाड़ के काले कारोबार के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। बुधवार सुबह से ही पुलिस की अलग-अलग टीमों ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ 24 ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। इस मेगा ऑपरेशन ने कबाड़ माफियाओं के बीच हड़कंप मचा दिया है। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान 120 टन से अधिक अवैध कबाड़ और 14 वाहन जब्त किए हैं, जिनकी कुल बाजार कीमत लगभग 4.90 करोड़ रुपये आंकी गई है।

गोदामों में मिला चोरी का संदिग्ध सामान

गढ़उमरिया रोड स्थित शहर के सबसे बड़े कबाड़ गोदाम सहित अन्य केंद्रों पर की गई जांच में चौंकाने वाली चीजें बरामद हुई हैं। पुलिस को मौके से भारी मात्रा में नई सरिया, गैस सिलेंडर, पुरानी मोटरसाइकिलें, साइकिलें और कीमती गाड़ियों के पार्ट्स मिले हैं। शुरुआती जांच के अनुसार, यह सारा सामान अवैध रूप से भंडारित किया गया था और इसके पीछे बड़े गिरोह का हाथ होने की आशंका है। पुलिस ने अब तक 17 आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस की भूमिका पर भी उठ रहे सवाल

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी ने बताया कि जिले में अवैध कबाड़ के खिलाफ यह विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। हालांकि, इस बड़ी सफलता के बीच एक बड़ा सवाल यह भी उठ रहा है कि जो गोरखधंधा वर्षों से खुलेआम फल-फूल रहा था, उस पर अब तक पुलिस की नजर क्यों नहीं पड़ी? स्थानीय लोगों का मानना है कि बिना विभागीय मिलीभगत के इतना बड़ा अवैध नेटवर्क चलना मुमकिन नहीं है। फिलहाल, पुलिस अन्य फरार आरोपियों और इस कारोबार के मुख्य सरगनाओं की तलाश में जुटी है।