एयर इंडिया की लापरवाही: इंदौर के दंपति ने एयरपोर्ट की कुर्सियों पर गुजारी रात, 16 घंटे देरी से पहुंचे घर

एयर इंडिया की अव्यवस्था और लापरवाही के कारण इंदौर के एक आईटी प्रोफेशनल दंपति को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। खातीवाला टैंक निवासी योगेश वाधवानी अपनी पत्नी खुशबू के साथ केरल टूर से लौट रहे थे, लेकिन एयरलाइन की बार-बार फ्लाइट रिशेड्यूलिंग के कारण उनकी यात्रा 16 घंटे से अधिक लेट हो गई। कोच्चि से दिल्ली की फ्लाइट में देरी की वजह से उनकी इंदौर की कनेक्टिंग फ्लाइट छूट गई, जिसके बाद उन्हें पूरी रात दिल्ली और पुणे एयरपोर्ट की कुर्सियों पर गुजारनी पड़ी।

लाउंज और खाने की सुविधा से भी किया वंचित

पीड़ित योगेश के अनुसार, कोच्चि एयरपोर्ट पर दोपहर 1:20 बजे की फ्लाइट अंततः शाम 5:42 बजे रवाना हुई। दिल्ली पहुंचने पर उन्हें इंडिगो की सीधी फ्लाइट में शिफ्ट करने के बजाय एयरलाइन ने वैकल्पिक रूट के जरिए पुणे भेज दिया। इस दौरान न तो उन्हें लाउंज की सुविधा दी गई और न ही होटल या भोजन की व्यवस्था की गई। रात 2:30 बजे उन्हें पुणे भेजा गया, जहां से वे आज सुबह 9:10 बजे इंदौर पहुंच सके। एयर इंडिया के अधिकारियों ने इस मामले पर अब तक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया है।

DGCA के नियमों की सरेआम अनदेखी

नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) के स्पष्ट नियम हैं कि 2 घंटे से अधिक की देरी पर यात्रियों को भोजन और 6 घंटे से अधिक या ओवरनाइट डिले पर होटल/लाउंज की सुविधा दी जानी चाहिए। इसके अलावा, एयरलाइन की गलती होने पर 5,000 से 10,000 रुपये तक के मुआवजे का भी प्रावधान है। इस मामले में नियमों का खुला उल्लंघन नजर आ रहा है, जिससे यात्रियों में भारी रोष है।