पड़ोसी ने  14 साल की नाबालिग से किया रेप, प्रेग्नेंट होने पर किया किडनैप; पुलिस ने झारखंड से दबोचा

जयपुर वेस्ट इलाके से एक 14 साल की नाबालिग लड़की के अपहरण और रेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। करीब एक सप्ताह पहले परिजनों ने बेटी के रहस्यमयी तरीके से लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जयपुर वेस्ट पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू की और 5 दिनों की कड़ी मशक्कत के बाद पीड़िता को झारखंड से ढूंढ निकाला। पुलिस ने आरोपी पड़ोसी को भी गिरफ्तार कर लिया है।

प्रेग्नेंसी का पता चलते ही किया था अगवा

पुलिस जांच और पीड़िता के मेडिकल परीक्षण में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि नाबालिग 5 महीने की प्रेग्नेंट है। पीड़िता ने अपने बयानों में बताया कि आरोपी पड़ोसी उसे लंबे समय से डरा-धमकाकर अपनी हवस का शिकार बना रहा था। जब आरोपी को पता चला कि लड़की गर्भवती हो गई है और मामला खुल सकता है, तो वह उसे बहला-फुसलाकर किडनैप कर जयपुर से दूर झारखंड ले गया।

पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज

आरोपी पड़ोसी पिछले काफी समय से नाबालिग का देहशोषण कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट (POCSO Act) और रेप की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गुरुवार रात गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी को जयपुर लाकर उससे गहन पूछताछ कर रही है ताकि घटनाक्रम की पूरी कड़ियां जोड़ी जा सकें।