कोटा-भीलवाड़ा हाईवे पर भीषण एक्सीडेंट, तीन बच्चो की मौत   

राजस्थान के बूंदी जिले में नेशनल हाईवे-27 पर बुधवार रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार ट्रेलर ने एक ही बाइक पर सवार परिवार को कुचल दिया, जिसमें तीन मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। पिता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

हादसा डाबी थाना क्षेत्र के दुधी कुड़ी कट के पास करीब रात 8:45 बजे हुआ। पराणा गांव निवासी मदन बंजारा अपनी 8-10 वर्षीय बेटी सुमन, बेटे अंकित और भतीजे करण (बहादुर के पुत्र) के साथ बाइक पर सवार होकर डाबी की ओर जा रहे थे। परिवार किसी एक बच्चे की बीमारी के कारण डॉक्टर को दिखाने के लिए निकला था।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भीलवाड़ा (बिजोलिया) दिशा से आ रहे तेज गति के ट्रेलर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों लोग सड़क पर दूर तक घिसटते चले गए। तीनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मदन बंजारा को गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत एंबुलेंस से कोटा के एमबीएस अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

ट्रेलर चालक हादसे के बाद वाहन छोड़कर फरार हो गया। डाबी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रेलर को कब्जे में ले लिया और मामला दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। आक्रोशित लोगों ने शवों को नहीं उठाने का फैसला किया और मुआवजे व सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर हाईवे जाम कर दिया। डाबी थाना प्रभारी हेमराज शर्मा सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है।