केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को अल्प प्रवास पर ग्वालियर पहुंचे। दिल्ली से फ्लाइट द्वारा यहां उतरने के बाद वे झांसी के लिए रवाना हुए, जहां उन्हें एक कार्यक्रम में शामिल होना था। राजमाता विजयराजे सिंधिया एयर टर्मिनल पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भारत-अमेरिका ट्रेड डील को किसान विरोधी बताकर प्रदर्शन कर रही है, लेकिन यह महज राजनीतिक शोर है। “जो लोग देश के लिए कुछ नहीं कर पाए, अब केवल विलाप कर रहे हैं। सच यह है कि भारत के सभी हित सुरक्षित हैं और किसानों के हित भी पूरी तरह सुरक्षित हैं। एक कृषि मंत्री होने के नाते और खुद एक किसान के रूप में मैं कह रहा हूं कि किसान भाई निश्चिंत रहें।”
उन्होंने महान क्रांतिवीर चंद्रशेखर आजाद के शहादत दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। चौहान ने कहा, “चंद्रशेखर आजाद ने भारत माता की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। वे आज भी हमारी प्रेरणा हैं। हमें भी देश के लिए संकल्प लेना चाहिए और अपने कर्तव्य को ईमानदारी, मेहनत तथा प्रामाणिकता से निभाना चाहिए।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इजराइल संसद में दिए गए ऐतिहासिक भाषण पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि कई चीजें पहली बार हो रही हैं। “पीएम मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर, विकसित और शक्तिशाली भारत का निर्माण हो रहा है। यह हम नहीं, बल्कि पूरी दुनिया कह रही है। भारत अब विश्व बंधु बन चुका है और दुनिया को बेहतर दिशा देने में सक्षम है।”
किसानों से जुड़े सवाल पर चौहान ने अन्नदाताओं के प्रति अपनी निष्ठा जताई। फसल बीमा राशि के भुगतान के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “अन्नदाताओं के चरणों में बार-बार प्रणाम है। किसानों की सेवा मेरे लिए भगवान की पूजा के समान है। मैं हमेशा खेतों के बीच रहता हूं। आज भी झांसी जा रहा हूं। हम विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों का जीवन बेहतर बनाने का निरंतर प्रयास कर रहे हैं और उनका जायज हक उन्हें अवश्य मिलेगा।”
मध्य प्रदेश में चीतों की बढ़ती संख्या पर उन्होंने सकारात्मक रुख अपनाया। “चीतों का स्वागत है। सभी प्राणियों में एक ही चेतना होती है। चीतों की संख्या बढ़ने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। यह धरती सिर्फ हमारे लिए नहीं, बल्कि सभी जीवों के लिए है।” भोजशाला परिसर की ASI रिपोर्ट के बारे में पूछे जाने पर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सब जानते हैं कि मामला कोर्ट में विचाराधीन है।