इंदौर में 60 लाख की चोरी का खुलासा: भतीजे रोहित उर्फ गोलू ने रची साजिश

बाणगंगा थाना क्षेत्र के डागर मोहल्ले में 7 फरवरी को हुई 60 लाख रुपये की चोरी मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में पता चला कि इस वारदात का मास्टरमाइंड मकान मालिक दंपति का ही भतीजा निकला है। आरोपी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर पूरी योजना बनाई थी, लेकिन चोरी के बाद उसके साथियों ने उसे हिस्सा दिए बिना नकदी और जेवर लेकर फरार हो गए।

पुलिस ने आरोपी युवक रोहित उर्फ गोलू को हिरासत में लिया है। पूछताछ में उसने कबूल किया कि उसने दोस्त लक्की बोरासी, सुधांशु प्रजापत और एक अन्य साथी के साथ मिलकर यह वारदात अंजाम दी। घटना के समय मकान मालिक विनोद यादव और उनकी पत्नी मनीषा वैष्णो देवी यात्रा पर गए हुए थे। लौटने पर उन्हें 9 फरवरी को घर में चोरी की जानकारी हुई।

चोरी में कुल 35 लाख रुपये नकद और करीब 25 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण चुराए गए थे। विनोद यादव ने कुछ दिन पहले रामनगर क्षेत्र में अपना प्लॉट बेचा था, जिससे उन्हें मिले 35 लाख रुपये नकद घर में ही रखे थे, जिन्हें नई संपत्ति खरीदने के लिए सुरक्षित रखा गया था।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच से आरोपियों तक पहुंच बनाई। फुटेज में दो बदमाश घर में घुसते दिखे, जबकि गोलू बाहर खड़ा नजर आया। जांच में सामने आया कि चोरी से पहले और बाद में गोलू, लक्की और सुधांशु के बीच लगातार फोन पर बातचीत और मैसेज हुए थे। गोलू ने प्लॉट बिकने और नकदी घर में होने की बात दोस्तों को बताई थी, जिसके आधार पर 6-7 फरवरी की रात योजना बनाई गई।

चोरी के बाद गोलू ने राजस्थान जाने की बात कही थी, लेकिन पुलिस की टीम वहां पहुंची तो आरोपी नहीं मिले। गोलू के पास से कोई नकदी या जेवर बरामद नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और मामले की गहन जांच चल रही है। अभी तक चोरी का माल बरामद नहीं हो सका है।