इंदौर में विश्व महिला दिवस के अवसर पर ‘साड़ी वॉकथॉन’ का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें 500 से अधिक महिलाओं ने पारंपरिक साड़ी पहनकर भाग लिया। यह कार्यक्रम स्वच्छता, प्लास्टिक मुक्त शहर और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को फैलाने के उद्देश्य से रविवार सुबह नेहरू स्टेडियम से शुरू होकर डेली कॉलेज मार्ग से गुजरते हुए वापस स्टेडियम परिसर में समाप्त हुआ।
इंदौर नगर निगम और ‘द वर्ल्ड फिटनेस’ के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस वॉकथॉन में महिलाओं ने साड़ी में चलकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, सिंगल-यूज प्लास्टिक का बहिष्कार करने और कपड़े के थैलों जैसे पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों को अपनाने का संकल्प लिया।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव और स्वास्थ्य प्रभारी अश्विनी शुक्ल भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। महापौर ने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और जागरूकता ही इंदौर को लगातार स्वच्छ सर्वेक्षण में नंबर-वन बनाने का मुख्य कारण है। उन्होंने महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि महिला शक्ति के नेतृत्व में शहर इस बार भी स्वच्छता में शीर्ष स्थान हासिल करेगा।
प्रतिभागी प्राची अग्रवाल ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि साड़ी हमारी सभ्यता, संस्कृति और संस्कारों का प्रतीक है, जो विविधताओं को एकजुट कर आगे बढ़ने का संदेश देती है।
महापौर ने नागरिकों से अपील की कि वे सिंगल-यूज प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करें और शहर की स्वच्छता की पहचान को बनाए रखने में सक्रिय योगदान दें। उन्होंने ‘ट्रिपल आर’ (Reduce, Reuse, Recycle) के सिद्धांतों का पालन करने तथा ‘वेस्ट टू बेस्ट’ अभियान से जुड़कर अनुपयोगी सामान ट्रिपल आर सेंटर पर जमा करने की भी सलाह दी।
नगर निगम का मानना है कि जन-भागीदारी और निरंतर जागरूकता अभियानों से ही इंदौर अपनी स्वच्छता की अग्रणी स्थिति को और मजबूत कर सकेगा। यह साड़ी वॉकथॉन महिला सशक्तिकरण, सांस्कृतिक गौरव और पर्यावरण संरक्षण का एक अनुपम उदाहरण साबित हुआ।