छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में सरकंडा थाना क्षेत्र के खमतराई स्थित अमहा तालाब में डूबने से दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान हिमांशु चहांदे (21 वर्ष) और शिवम मानिकपुरी (20 वर्ष) के रूप में हुई है।
घटना रविवार दोपहर की बताई जा रही है। दोनों युवक अपने पांच अन्य साथियों के साथ खमतराई इलाके में घूमने गए थे। सभी युवक अमहा तालाब के किनारे एक पेड़ के नीचे बैठकर शराब का सेवन कर रहे थे और बातचीत में मशगूल थे।
शाम लगभग चार बजे हिमांशु और शिवम हाथ-मुंह धोने के लिए तालाब की ओर बढ़े। इसी दौरान उनके पैर फिसल गए और वे तालाब के गहरे हिस्से में जा गिरे। बता दें कि तालाब से मुरुम निकासी के लिए जेसीबी से लगातार खुदाई होने के कारण यह काफी गहरा हो चुका है, जहां किनारे से ही गहराई शुरू हो जाती है। दोनों युवकों को तैरना नहीं आता था, जिसके कारण वे तुरंत डूबने लगे।
साथियों ने उन्हें बचाने की भरसक कोशिश की। एक युवक पानी में कूदा, लेकिन उसे भी तैरना नहीं आता था और वह भी डूबने लगा। बाकी साथियों ने उसे किसी तरह बाहर निकाल लिया, लेकिन तब तक हिमांशु और शिवम पानी में गायब हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। नगर सेना की गोताखोर टीम ने तलाश अभियान चलाया और देर रात दोनों युवकों के शव बरामद कर लिए गए। शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पुलिस ने मौके पर मौजूद पांच साथियों को थाने बुलाकर पूछताछ की। जांच में पता चला कि वे सभी नशे की हालत में थे और तालाब किनारे शराब पार्टी कर रहे थे। सरकंडा थाने के टीआई प्रदीप आर्या ने बताया कि नशे के कारण संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ। दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।